कर्नलगंज थाना क्षेत्र का लल्लाचुंगी चौराहा रविवार शाम बम केे धमाके से थर्रा उठा। बम के छर्रों से ताराचंद छात्रावास में रहने वाले तीन अंत:वासी घायल हो गए। आननफानन में घायल छात्रों को पहले बालसन चौराहे स्थित एक प्राइवेट अस्पताल और फिर बेली ले जाया गया। वहां से तीनों को एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। बवाल की आशंका पर कोतवाली समेत कई थानों की फोर्स के साथ एसपी सिटी भी पहुंचे। डॉक्टरों ने छात्रों की हालत खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस ने बताया कि रोहन भारतीय (प्रतापगढ़), संजय शाह (देवरिया) व अनिल यादव (भदोही) इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र हैं। तीनों एलनगंज स्थित विवि के ताराचंद छात्रावास में रहते हैं। पुलिस का कहना है कि रविवार रात करीब 8.30 बजे तीनों लल्लाचुंगी चौराहे के पास सब्जी लेने गए थे। कुछ समय बाद हॉस्टल लौटने लगे कि तभी बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने वहां बम पटक दिया। जोरदार धमाके से इलाके में दहशत फैल गई। उधर, बम के छर्रे लगने से तीनों छात्र घायल हो गए। अनिल की पसली में जख्म हुआ तो संजय व रोहन के पैरों में छर्रे लगे। तीनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े तो राहगीर दौड़े। खबर पर कछ ही देर में वहां सैकड़ाें छात्र जुट गए।
सूचना पर कर्नलगंज इंस्पेक्टर अवधेश प्रताप सिंह भी पहुंच गए। तीनों घायलों को लेकर पुलिस पहले बालसन चौराहे के पास एक निजी अस्पताल पहुंची। यहां से बेली अस्पताल भेज दिया गया। कुछ देर बाद बेली अस्पताल से तीनों घायलों को एसआरएन अस्पताल भेजा गया। इस दौरान साथी छात्रों की भीड़ बेली और फिर एसआरएन अस्पताल में जुटी रही। मामला छात्रों से जुड़ा होने के कारण बवाल की भी आशंका थी। ऐसे में कोतवाली, मुट्ठीगंज, जार्जटाउन थाने की फोर्स भी बुलाई गई। कुछ ही देर में एसपी सिटी सिद्धार्थ सिंह मीणा भी पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक कुछ देर बाद डॉक्टरों ने घायल छात्रों की हालत खतरे से बाहर बताई तब जाकर पुलिस अफसरों ने राहत की सांस ली।
एसपी सिटी ने बताया कि तीनों छात्रों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बमबाजी करने वाले कौन थे और इसके पीछे उनका मकसद क्या था, इसका पता लगाया जा रहा है। चौराहे पर दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। घटना के पीछे जो भी होगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक यही लग रहा है कि घायल तीनों छात्र हमलावरों के टारगेट पर नहीं थे। इंस्पेक्टर कर्नलगंज अवधेश प्रताप सिंह का कहना है कि बम जिस जगह पर फटा, उससे तीनों छात्र दूर थे। छर्रे लगने की वजह से तीनों घायल हुए। उधर एसपी सिटी ने बताया कि हो सकता है कि दहशत फैलाने के लिए किसी ने बम फोड़ा हो।
घायल छात्रों ने पुलिस को यह भी बताया है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। इंस्पेक्टर कर्नलगंज ने बताया कि घायल छात्रों से उनकी बात हुई। उन्होंने किसी तरह क ी रंजिश की बात से इंकार किया है। हाल-फिलहाल किसी से विवाद जैसी भी कोई बात सामने नहीं आई। इंस्पेक्टर ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने केबाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।