कोतवाली थाना क्षेत्र में कोठापार्चा स्थित एक शापिंग कांप्लेक्स में रविवार की रात एक मजदूर की गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह कांप्लेक्स के मालिक ने देखा तो उसने पुलिस को सूचना दी। दिन भर जांच और तफ्तीश के बाद भी कातिलों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने आस पास की दुकानों से कई सीसीटीवी फुटेज लिए हैं। कुछ लोग दिखे भी हैं, उन्हें ही कातिल माना जा रहा है।
कोठापार्चा में एससी केसरवानी का शापिंग कांप्लेक्स है। ऊपरी हिस्से में परिवार भी रहता है। परिवार में सुपारी और पानी का काम होता है। केसरवानी परिवार में राजकुमार उर्फ पंडित (50) नाम का शख्स पिछले ढाई साल से काम करता था। वह ट्रकों में लोडिंग और अनलोडिंग का काम करता था। रविवार की रात पंडित की किसी ने गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी। उसका गला लगभग पूरा अलग हो गया। सुबह जब केसरवानी परिवार के लोग उठे तो लाश देखकर घबरा गए। तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया गया। पुलिस को सूचना दी गई। सीओ रत्नेश सिंह और इंस्पेक्टर रवींद्र यादव मौके पर पहुंच गए। एससी केसरवानी ने बताया कि बताया कि हम लोग उसके बारे में सिर्फ इतना जानते हैं कि उसका नाम पंडित है। पहले वह बाई का बाग से यहां मजदूरी के लिए आता था। कहां का रहने वाला है, परिवार में कौन है, कोई कुछ नहीं जानता।
पुलिस ने आस पास पूछताछ के बाद अगल बगल के सीसीटीवी फुटेज निकलवाया। उसकी जांच करवाई। सरसरी तौर पर देखने से यह पता चला है कि कुछ संदिग्ध लोग मौजूद थे। सीओ के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा कि उसकी मौत कितने बजे हुई। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज में उस समय आस पास गुजर रहे लोगों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। अभी फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता पंडित का घर ढूंढकर परिजनों को सूचना देने की है। बाई का बाग इलाके में भी पूछताछ कर पंडित के बारे में पता किया लेकिन कोई खास जानकारी नहीं मिली।
--मजदूर के परिवार वालों के बारे पता करने का प्रयास किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज मिल गई है। जल्द ही कातिल के बारे में सुराग मिल जाएगा। रत्नेश सिंह, सीओ कोतवाली