फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसएससी परीक्षा में धांधली पर अभ्यर्थियों ने काटा बवाल

Tue, 06 Mar 2018 01:15 AM IST
इलाहाबाद ब्यूरो
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की भर्ती परीक्षाओं में धांधली की गरमाहट सीबीआई जांच के मरहम से भी कम नहीं हुई। सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी सोमवार को सड़क पर उतर आए और 2013 से अब तक हुई सभी परीक्षाओं की जांच की मांग को लेकर आयोग कार्यालय के सामने जामकर दिनभर प्रदर्शन करने लगे। दोपहर बाद सरकार से एसएससी के चेयरमैन को बर्खास्त करने की मांग को लेकर मध्य क्षेत्र कार्यालय पर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया।
विज्ञापन


एसएससी की सीजीएल टियर-टू की 21 फरवरी की परीक्षा में गड़बड़ी की जांच की मांग को लेकर दिल्ली में एसएससी मुख्यालय पर शुरू हुआ छात्रों का धरना-प्रदर्शन इलाहाबाद में भी रविवार से चल रहा है। प्रतियोगी छात्र सुबह से ही आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय पर जुटने शुरू हो गए थे। 11 बजे तक आयोग के मध्य क्षेत्र कार्यालय पर भारी संख्या में प्रतियोगी जुट गए। लाउडर रोड की एक लेन जाम कर कर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस और प्रशासन छात्रों को लगातार समझाते रहे लेकिन प्रदर्शन शाम तक खत्म नहीं हुआ।

छात्र युवा संघर्ष समिति की ओर से सोमवार को एसएससी परीक्षा को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित 10 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन सौपने वालों में सद्दाम हुसैन, अभिजीत, फैजान सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे। भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा ने कौशल सिंह के नेतृत्व में छात्रों की मांग का समर्थन किया।
विज्ञापन


छात्रों में भविष्य खराब होने का गुस्सा दिखा
प्रदर्शन के दौरान भविष्य बर्बाद होने का गुस्सा छात्रों के आक्रोश के रूप में दिखा प्रदर्शन के दौरान आंदोलन कमेटी के संयोजक सुनील ने बताया कि आज का प्रदर्शन बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश समेत देश के सभी भागों में हुआ। आंदोलनकारी छात्रों का कहना था कि सीबीआई से केवल एक परीक्षा की नहीं बल्कि 2013 से अब तक हुई सभी परीक्षाओं की जांच कराकर, उसमें लिप्त पाए गए दोषियों को दंडित किया जाए। छात्रों ने आयोग के चेयरमैन असीम खुराना को हटाने की मांग की। प्रदर्शन में सुनील मौर्य, सुनील यादव, विवेक पांडे, सोमेश सोनी चौरसिया, पुष्पा सिंह, प्रियंका, विकास सिंहए शुभम सिंह, राजेश यादव, पंकज पांडे, प्रदीप, सूरज यादव, सुनील, धर्मेंद्र सिंह, अभय त्रिपाठी पवन पांडे सुजीत यादव रणविजय विद्रोही, सृजन, किशन सेठ, समेत हजारों छात्र उपस्थित रहे।दिशा छात्र संगठन ने आयोग के भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रावासों एवं डेलीगेसी में अभियान चलाने का फैसला किया है।

आयोग के छत पर चढ़े तीन छात्र, अप्रिय घटना टली
एसएससी मध्य क्षेत्र पर प्रदर्शन के दौरान कुछ आंदोलनकारी अति उत्साह में कार्यालय की छत पर चढ़ गए। पहले एक छात्र कार्यालय की छत पर चढ़ा और वहां से नारेबाजी और झंडा लहराने के बाद आंदोलन में शामिल दूसरे छात्रों के कहने से नीचे उतर आया। इसके बाद तीन छात्र एक साथ कार्यालय की छत पर चढ़े और फोटो खींचने के बाद कार्यालय के अंदर छत की सीढ़ी से उतरने की कोशिश करने लगे। कार्यालय के कर्मचारियों एवं गार्ड के विरोध के बाद यह छात्र बाहर जहां से छत पर चढ़े थे, वापस आ गए। छत पर जहां तक छात्र पहुंच गए, वहां आयोग ने टिन सेड के भीतर अपने कुछ जरूरी कागजात रखे थे। आयोग के गोपनीय बंडल के पास तक छात्रों के पहुंच जाने से अप्रिय घटना हो सकती थी।
विज्ञापन


प्रदर्शनकारियों की तख्ती पर भ्रष्टाचार का भाव
- एमटीएस      10 लाख + जीएसटी
- सीएचएसएल  15 लाख + जीएसटी
- सीजीएल      30 + जीएसटी

यह हैं मुख्य मांगें
 सीजीएल टियर-टू परीक्षा की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई करे
 एसएससी चेयरमैन की भूमिका की जांच हो
 प्राइवेट कोचिंग संस्थान और साइबर कैफे की भूमिका की जांच हो, यहां ऑनलाइन केंद्र न बनाया जाए।
 17 से 22 फरवरी की परीक्षा को रद्द किया जाए
 21 फरवरी की रद्द परीक्षा नौ मार्च को कराई जा रही है, उसे रद्द करके जांच पूरी होने तक स्थगित की जाए।
 जांच तीस दिन में पूरी की जाए
 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी लगे और वीडियो रिकार्डिंग हो
 पिछले पांच वर्ष के दौरान सभी परीक्षाओं की जांच हो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें