यमुनापार में कौंधियारा इलाके के एकौनी गांव में रविवार शाम पांच लोगों के कत्ल की वारदात के बाद रात भर विलाप गूंजा मगर दूसरे रोज भारी पुलिस फोर्स की मुस्तैदी के बीच सन्नाटा पसरा रहा। गांव के ज्यादातर पुरुष गिरफ्तारी के डर से फरार हो गए हैं। दोनों तरफ से बारह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा, जिसमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने इस हत्याकांड में क्रास एफआईआर लिखकर धरपकड़ की। मारे गए दरोगा समेत तीन लोगों की पत्नी भी जेल भेजी गई हैं। इस गंभीर घटना में लापरवाही और उदासीनता के आरोप में थानाध्यक्ष कौंधियारा प्रदीप राय समेत तीन पुलिसवालों को निलंबित कर दिया गया है। घटनाक्रम की तहकीकात एसपी यमुनापार को सौंपी गई है।
एकौनी गांव में रविवार शाम की घटना ने हर किसी को हिला दिया। मंदिर और जमीन के झगड़े में पांच कत्ल हो गए। कानपुर से छुट्टी लेकर आए दरोगा सुरेश पांडेय ने रिटायर्ड दरोगा शिवसेवक पांडेय, उनके भाई सीआरपीएफ के पूर्व सिपाही कृष्णसेवक पांडेय और भतीजे विमल पांडेय को लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर मौत के घाट उतारा तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे पिता रामकैलाश समेत मार डाला। शिवसेवक के भाई रामसेवक और प्रेमसेवक घायल हुए। आधी रात तक मचे कोहराम के बाद पुलिस ने दोनों तरफ से एफआईआर लिखी। मारे गए पूर्व दरोगा शिवसेवक के घायल भाई रामसेवक की तहरीर लेकर दरोगा सुरेश पांडेय (मृतक), उसकी पत्नी प्रवीण देवी, पिता रामकैलाश पांडेय (मृतक), मां कौशल्या देवी, भाई राकेश पांडेय, चाचा रामगोपाल पांडेय, रामअभिलाष पांडेय और पुत्र रमेश कुमार पांडेय, शिवकैलाश पांडेय और पुत्र बृजेश कुमार पांडेय, रामगोपाल के दो बेटों के खिलाफ कत्ल और बलवा का केस लिखा गया।
दूसरी तरफ से मारे गए दरोगा सुरेश पांडेय की पत्नी प्रवीण की तहरीर पर रामसेवक पांडेय, उसके पुत्र विमल (मृतक), अनिल पांडेय और उसकी पत्नी, प्रेमसेवक पांडेय और उसके बेटे पीयूष तथा पत्नी पुष्पा देवी, शिवसेवक पांडेय (मृतक) और उनकी पत्नी प्रभावती, कृष्ण सेवक पांडेय (मृतक), झल्लर पांडेय, जनक तिवारी, संतोष तिवारी, नवीन शुक्ला, रामकिशोर शुक्ला के खिलाफ कत्ल का केस लिखा गया। पुलिस ने एक तरफ से घायल रामसेवक पांडेय, प्रेमसेवक पांडेय, उसकी पत्नी पुष्पा, पुत्र पीयूष ,मारे गए शिवसेवक की पत्नी प्रभावती, जनक तिवारी, संतोष तिवारी, नवीन शुक्ला, रामकिशोर शुक्ला तथा दूसरे पक्ष से मारे गए दरोगा सुरेश की पत्नी प्रवीण देवी, मां कौशल्या देवी, चाचा रामअभिलाष पांडेय को गिरफ्तार किया है। इन बारह लोगों को पुलिस ने अदालत में पेश किया जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। एकौनी गांव में एसपी यमुनापार अशोक कुमार पुलिस और पीएसी के साथ कैंप किए हुए हैं।
थानेदार समेत तीन पुलिसवाले सस्पेंड
एकौनी गांव में रविवार को हुए सामूहिक हत्याकांड में मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को स्थानीय पुलिस की लापरवाही का पता चला। दोनों पक्ष में लंबे समय से विवाद बना था लेकिन पुलिस ने जरूरी कार्रवाई नहीं की। ऐसे में एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने थानाध्यक्ष पीके राय, उपनिरीक्षक सियाराम यादव और बीट कांस्टेबल सुनील यादव को काम में उदासीनता और लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया। एसएसपी ने बताया कि एसपी यमुनापार अशोक कुमार को इस प्रकरण की जांच सौंपी गई है। वह घटना के बारे में जरूरी जांच कर उन्हें रिपोर्ट सौंपेंगे।