सिविल लाइंस में सुभाष चौराहे के पास स्थित एक कैटरिंग गोदाम में सोमवार सुबह आग लग गई। गोदाम तीन मंजिला बिल्डिंग के बेसमेंट में था। उसमें आग लगने के बाद ऊपर के तलों में भी धुआं भर गया। इससे अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और फायरब्रिगेड पहुंच गई और जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, इसमें लाखों रुपये का सामान राख हो गया।
व्यापारी मनोज केसरवानी मुट्ठीगंज के रहने वाले हैं। उनका बेटा अंकित कैटरिंग का काम करता है। गल्ला मंडी में मनोज की दुकान है। सिविल लाइंस में बैंक ऑफ बड़ौदा के पीछे वाली गली में उनकी तीन मंजिला बिल्डिंग है। पहले तल पर जिम चलता है, जबकि ऊपर के दोनों तलों पर छात्र किराए पर रहते हैं। बेसमेंट में तीन दुकानें बनी हैं, जिनमें से एक में अंकित ने कैटरिंग के सामान का गोदाम बना रखा है। मनोज ने बताया कि रोज की तरह सोमवार सुबह भी अंकित गोदाम में पहुंचा। उसे किसी काम से जाना था, ऐसे में वह गोदाम बंद कर करीब एक घंटे बाद वहां से चला गया। कुछ देर बाद दुकान से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने मनोज को सूचना दी। जब तक मनोज पहुंचते ऊपर के तलों पर भी धुआं भर गया था। उन्होंने शटर खोलकर देखा तो दुकान में आग लगी हुई थी। आग इतनी भीषण थी कि कोई भीतर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना पर पुलिस और कुछ ही देर में फायरब्रिगेड भी पहुंच गई। फायरकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, इस दौरान गोदाम में रखे कैटरिंग सामान आग की भेंट चढ़ चुके थे। आग कितनी भीषण थी इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दुकान में रखे बोनचाइना के कप, प्लेट, ग्लास व अन्य बर्तन भी चटक गए थे। फायरकर्मियों ने बताया कि फिलहाल नुकसान का सही अंदाजा नहीं लग पाया है। माना जा रहा है कि घटना में लाखों का नुकसान हुआ है।
जिस समय घटना हुई उस वक्त ऊपर के दो तलों पर किराए पर रहने वाले 6-7 लोग मौजूद थे। गोदाम में आग लगने के बाद धुआं ऊपर के तल से उनके कमरों तक पहुंचा तो वे घबराकर बाहर निकल आए। ऊपर से ही वह मदद की गुहार लगाने लगे। फायरकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर ऊपर के तलों पर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
सुभाष चौराहे के पास जिस बिल्डिंग के बेसमेंट में बने कैटरिंग सामान के गोदाम में सोमवार को आग लगी, उससे चंद कदमों की दूरी पर स्थित एक बिल्डिंग के बुटीक में भी तीन महीने पहले इसी तरह की घटना हुई थी। 24 मार्च को अनंतराज प्लाजा के पहली मंजिल पर स्थित बुटीक में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। आग लगने के बाद कोरिडोर व दूसरे तल पर चारों तरफ धुआं भर जाने से दुकानदारों और ग्राहकों में हड़कंप मच गया था। एक के बाद एक पहुंची फायरब्रिगेड की तीन गाड़ियाें ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।