फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंदगी पर जुर्माना, अतिक्रमण हटाया, हंगामा

Wed, 07 Feb 2018 11:41 PM IST
इलाहाबाद ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी और शहर को साफ सुथरा रखने के प्रयास के तहत बुधवार को सभी जोनों में नगर निगम के जोनल अफसरों ने अतिक्रमण अभियान चलाकर जबरदस्त कार्रवाई की। बिना सूचना अतिक्रमण की कार्रवाई को उत्पीड़न करार देते हुए बैरहना और कीडगंज में व्यापारियों ने हंगामा किया। विरोध बढ़ता इससे पहले पुलिस ने लोगों को खदेड़ दिया। जिस रास्ते पर तोड़ू दस्ता पहुंचता, वहां और आसपास के क्षेत्र में व्यापारी दुकानें बंद कर देते।गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने वालों से 96 हजार रुपये बतौर जुर्माना वसूल किए गए।
विज्ञापन


नगर आयुक्त हरिकेश चौरसिया के आदेश पर बुधवार को जोनल अधिकारी जोन एक शरदेंदु कुमार सिंह ने खुल्दाबाद क्षेत्र में खुल्दाबाद चौकी से लूकरगंज करबला तिराहे तक अतिक्रमण हटवाया। रैंप तोड़े गए और अस्थायी कब्जा करने वालों को खदेड़ा गया। व्यापारियों समेत अन्य लोगों से गंदगी फैलाने के एवज में बतौर केयरिंग चार्ज 31,800 रुपये वसूल किए गए। जोन दो के जोनल अधिकारी राजकुमार गप्ता के नेतृत्व में मुटठीगंज इलाके में अतरसुइया से गोलपार्क होते हुए मीरापुर चौराहे से ककरहा घाट तक अभियान चलाकर सफाई कराई गई। नाली-सड़क और गली को कब्जा मुक्त कराया गया। केयरिंग चार्ज के रूप में 10500 रुपये वसूले गए।

इसी क्रम में जोन तीन के जोनल अधिकारी रवींद्र कुमार सिंह की अगुवाई में कटरा क्षेत्र में राणाप्रताप चौराहे से स्टेनली रोड, महबूब अली इंटर कॉलेज तक तक अतिक्रमण और सफाई अभियान चलाकर व्यापारियों और आम लोगों से 15900 रुपये केयरिंग चार्ज के रूप में वसूल किए गए।
विज्ञापन


अल्लापुर जोन चार के जोनल अधिकारी मुन्ना लाल के नेतृत्व में अलोपीबाग से मधवापुर फिर ग्रीन स्वीट हाउस से बैरहना चौराहा से सीमेट्री रोड कीडगंज थाना रोड तथा बाई का बाग से कोठापार्चा तथा कबाड़ी मार्केट तक अतिक्रमण अभियान चलाया गया। साथ ही सभी स्थानों पर सफाई कराकर मलबा हटवाया गया। सड़क, गली की नालियों को कब्जा मुक्त कराया गया। बैरहना और कबाड़ी बाजार में व्यापारियों ने नगर निगम अफसरों पर मनमानी का आरोप लगाकर हंगामा किया। इस कारण काफी देर तक कार्रवाई बाधित रही।

विरोध बढ़ता देख पहले तो अफसरों ने पुलिस के साथ मिलकर लोगों को शांत कराना चाहा। लोग नहीं माने तो पुलिस ने लाठियां पटककर लोगों को खदेड़ दिया। इसके बाद अभियान फिर शुरू किया जा सका। अतिक्रमण दस्ता आने की सूचना पाकर कीडगंज इलाके की अधिकांश दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरा दिए गए। दस्ते के जाते ही लोगों ने फिर रोड पटरी तक दुकानें बढ़ाकर सजा लीं। इस दौरान आम लोगों और व्यापारियों से केयरिंग चार्ज के रूप में 24,800 रुपये की वसूली की गई। इसी क्रम में जोनल अधिकारी जोन पांच नीरज सिंह ने नैनी इलाके में मेवालाल की बगिया से मलहारा फाटक तक सफाई अभियान चलाकर 13700 रुपये जुर्माना वसूल किया।    

दस्ते के जाते ही फिर सजी दुकानें
नगर निगम का अतिक्रमण अभियान कब्जा हटाने पर कम, जुर्माना और केयरिंग चार्ज वसूल करने का जरिया बन गया है। स्थायी अतिक्रमण छोड़े जा रहे हैं। पिछले तीन दिन से की जा रही कार्रवाई खानापूरी तक ही सीमित है। जोनल अधिकारियों का जोर मौके पर जुर्माना वसूल कर रसीद देने पर ज्यादा जोर है। शायद यही कारण है कि नवाब यूसुफ रोड, जीरो रोड, मानसरोवर चौराहा, कोठापार्चा, मधवापुर, बैरहना, कीडगंज, कबाड़ी बाजार, अतरसुइया समेत अन्य मोहल्लों में दस्ते के जाते ही पहले की तरह ही दुकानें सज जाती हैं। लोगों को इसके कारण जाम से जूझना पड़ता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें