फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज : खेत में लगे कटीले तार में उतरे करंट की चपेट में आकर किसान की मौत

Thu, 26 Nov 2026 07:25 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

फसल को जानवरों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लगाए गए कटीले तार एक किसान की मौत का कारण बन गए। खेत में पानी लगाने गए 61 वर्षीय किसान की तार में उतरे करंट की चपेट में आने से जान चली गई। सुबह खेत में उनका शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
करंट लगने से वृद्ध की मौत के बाद जुटी भीड़। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र के मनैया गांव में बृहस्पतिवार की भोर में खेत में पानी लगाने गए वृद्ध किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। खेत में फसल को जानवरों से बचाने के लिए चारों ओर कटीले तार लगाए गए थे, जिनमें करंट उतर रहा था। सुबह पड़ोस के खेत में काम करने पहुंचे ग्रामीण ने किसान को जमीन पर पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मनैया गांव निवासी राम गणेश निषाद (61) पुत्र अमृतलाल निषाद गांव में किराये पर खेत लेकर खेती करते थे। उनके बेटे पवन के मुताबिक, बुधवार रात खेत मालिक उन्हें खेत में पानी लगाने के लिए बुलाकर ले गया था। रात में सिंचाई के दौरान वह खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए कटीले तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौत हो गई। सुबह पड़ोस में रहने वाले बलराम ने उन्हें खेत में पड़ा देखा और परिवार को सूचना दी।

इसके बाद परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बेटे पवन की तहरीर पर पुलिस ने जयकांत दुबे उर्फ पप्पू, रमाकांत दुबे, विद्या दुबे, अरुण कुमार दुबे और सुखेंद्र दुबे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी कमलेश कुमार पटेल ने बताया कि शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें