इलाहाबाद। पंकज महेंद्र के अपहरण की साजिश रचने के आरोपी अंडरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव को पुलिस कोर्ट से बी वारंट हासिल कर बरेली जेल से लाकर इलाहाबाद जिला न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत डॉन बबलू को बरेली जेल से लाया जाया जाएगा। साथ ही पुलिस इस घटना में फरार छह बदमाशों की तलाश में गोरखपुर, फतेहपुर, इलाहाबाद में छापेमारी कर रही है।
सराफा कारोबारी पंकज महेंद्र के अपहरण करने वाले गिरोह का सरगना अशोक नगर कॉलोनी निवासी विकल्प श्रीवास्तव उर्फ गोलू, झूंसी के चंद्रमोहन यादव उर्फ बबलू और गोरखपुर के दो शूटर समेत चार बदमाश फतेहपुर में पकड़े गए थे। विकल्प से पूछताछ में पुलिस को मालूम हुआ कि इस अपहरण की साजिश बरेली जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन ओमप्रकाश श्रीवास्तव उर्फ बबलू ने रची थी। उसने ही करीब तीन महीने पहले भांजे विकल्प को बरेली जेल बुलाकर इस घटना की रणनीति तय की। साथ ही विकल्प को गोरखपुर से आए शूटरों से मिलाया था। पुलिस ने इस मामले में डॉन बबलू को भी आरोपी बनाकर मुकदमा लिखा है।
एसपी सिटी राजेश यादव ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट से बी वारंट हासिल कर बबलू श्रीवास्तव को बरेली जेल से लाकर यहां जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा। विवेचनाधिकारी की ओर से जल्द ही कोर्ट में अर्जी दी जाएगी। इस घटना के बारे में बबलू का बयान लेने के लिए भी विवेचनाधिकारी को जल्द ही बरेली जेल भेजा जा सकता है।
इसके साथ ही पुलिस ने इस घटना में फरार बाकी छह आरोपियों शहर में जार्जटाउन क्षेत्र निवासी पूर्व सीओ के पुत्र संदीप चौधरी उर्फ राजेश, गोरखपुर के भोलू यादव उर्फ राहुल, अरुण सिंह चौहान उर्फ बैट्री, फतेहपुर में असोथर के राकेश सिंह, धूमनगंज इलाके के पांडेय नामक अपराधी समेत एक अन्य बदमाश की तलाश है। दो टीम इलाहाबाद और फतेहपुर तथा एक टीम गोरखपुर जनपद में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने पिछले दो दिन के दौरान पूर्व सीओ के पुत्र संदीप चौधरी को पकड़ने के लिए काफी दबिश की मगर कोई नतीजा नहीं निकला। इस सनसनीखेज घटना में विकल्प का खास साथी संदीप चौधरी ही रहा है।
शहर के प्रमुख सराफा व्यापारी पंकज महेंद्र की सकुशल बरामदगी से शहर के कारोबारियों में खुशी है तो इस घटना को लेकर पुलिस के खिलाफ नाराजगी भी। व्यापारियों का कहना है कि पंकज की सुरक्षित रिहाई से प्रसन्नता तो है मगर ऐसी घटनाएं होनी ही नहीं चाहिए। आखिर पुलिस और क्राइम ब्रांच कर क्या रही है। बदमाश कई दिनों से इस अपहरणकांड की तैयारी कर रहे थे लेकिन क्राइम ब्रांच की इंटेलीजेंस और सर्विलांस सेल को भनक तक नहीं लग सकी।
यह तो गनीमत है कि फतेहपुर पुलिस को कहीं से भनक लगी और पंकज को बरामद कर लिया गया। वरना जाने क्या होता। व्यापारी नेता अमर वैश्य मुन्ना भैया और सराफा व्यापारी सूरज वैश्य ने भी अपहृत कारोबारी के अशोक नगर में ऑकलैंड स्थित निवास जाकर उनके बड़े भाई राहुल महेंद्र से मुलाकात की। मुन्ना भैया के मुताबिक राहुल ने भाई की रिहाई के लिए पुलिस अफसरों की मेहनत पर संतोष जताया।