घूरपुर / नैनी (ब्यूरो)। इरादतगंज स्थित पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशरी देवी पटेल के कॉलेज में शुक्रवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर लैब में रखे लगभग दो दर्जन कम्प्यूटर पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी सुबह होने पर चौकीदार ने कॉलेज के रजिस्ट्रार को दी। सूचना पर रजिस्ट्रार मौके पर पहुंचे और घूरपुर पुलिस को सूचना कर दी। घूरपुर पुलिस और डॉग स्क्वॉयड टीम ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और जांच पड़ताल कर वापस लौट गई। रजिस्ट्रार की ओर से थाने पर चोरी की तहरीर दे दी गई है।
पूर्व जिजा पंचायत अध्यक्ष केशरी देवी पटेल का इरादतगंज के पास एक कॉलेज हैं। रोज की तरह छुट्टी के बाद कॉलेज बंद कर दिया जाता था। कॉलेज का चौकीदार कॉलेज परिसर में ही सोता था। शुक्रवार की रात चोर कॉलेज के लैब में रखे इक्कीस कम्प्यूटर उठा ले गये। सुबह होने पर कॉलेज के लैब का ताला टूटा देखकर चौकी दार परेशान हो गया। लैब में रखे सारे कम्प्यूटर गायब थे। उसने इसकी सूचना रजिस्ट्रार राजेश मिश्रा को दे दी। सूचना पर पहुंचे रजिस्ट्रार ने घूरपुर पुलिस को सूचना कर दी। सूचना पर पुलिस और डॉग स्क्वॉयड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। राजेश मिश्रा ने चोरी की तहरीर थाने में दे दी है।