इलाहाबाद। करेली के बी ब्लॉक में शनिवार रात मरम्मत के दौरान एसी का कंप्रेशर तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। हदासे में एसी की मरम्मत कर रहे तीन मिस्त्री झुलस गए। कंप्रेशर फटने से हुए धमाके से दहशत में आकर लोग घरों से बाहर निकल आए। शोरगुल सुनकर लोग वहां पहुंचे तो गंभीर रूप से झुलसे तीनों मैकेनिक तड़प रहे थे। थोड़ी ही देर में उस मकान के बाहर भीड़ जुट गई, जहां कंप्रेशर फटने से धमाका हुआ था। सूचना पर करेली पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एसआरएन अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक घायल अब्दुल हक की उपचार के दौरान मौत हो गई वहीं दो लोगों की हालत गंभीर है।
करेली के बी ब्लॉक के नौशाद अली क ा कॉशमॉश टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर है। उनके यहां एसी, रेफ्रीजरेटर और कंप्यूटर की मरम्मत होती है। इसके अलावा वह कोल्ड ड्रिंक कंपनी के रेफ्रीजरेटर के सर्विस प्रोवाइडर हैं। घर के पहली मंजिल पर ही उनका ट्रेनिंग सेंटर है। उनके यहां खुल्दाबाद के सुल्तानपुर भावा का अब्दुल हक (32), करेली का इफ्तिकार (18) और महेवा नैनी का शादाब रजा (14) मैकेनिक का काम करते हैं। पुलिस के मुताबिक नौशाद के घर का एसी खराब हो गया था। जिसकी मरम्मत के लिए रात में अब्दुल, इफ्तिकार और शादाब काम कर रहे थे। इस दौरान एसी का कंप्रेशर तेज धमाके के साथ ब्लॉस्ट कर गया।
हादसे में बरामदे में एसी की मरम्मत कर रहे तीनों मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके के बाद मोहल्ले में खलबली मच गई। धमाके के बाद लोग घर से बाहर निकले तो देखा कि नौशाद के घर में कोहराम मचा हुआ है। देखते ही देखते वहां भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना पर एसओ सुनील दत्त राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अफरातफरी के बीच घायलों को एसआरएन अस्पताल भेजा गया। अब्दुल के हाथ की अंगुली उड़ गई है और पूरा शरीर झुलस गया है। जबकि इफ्तिकार का बांया पैर उड़ गया है।
शादाब का भी पूरा शरीर झुलसा है। हादसे की खबर घायलों के घर पहुंची तो रोते-कलपते उनके घरवाले एसआरएन अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में उनकी हालत देखकर घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पाकर नौशाद भी अस्पताल पहुंचे। घटना के समय वह मौजूद नहीं थे। एसओ सुनील दत्त राय ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। जहां घायल अब्दुल हक की मौत हो गई और दो की हालत नाजुक है। एसी का कंप्रेशर फटने से हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।