फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर के भीतर किसान की गला रेतकर हत्या

Fri, 29 Jan 2016 11:59 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
यमुनापार के मांडा इलाके में बृहस्पतिवार रात अपने निर्माणाधीन मकान में सोए किसान माताम्बर तिवारी (52) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसके गले में कोई औजार घोंप दिए गए। शुक्रवार सुबह बेटा उस मकान में गया तो पिता की रक्तरंजित लाश देख सन्न रह गया। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने छानबीन और पूछताछ की। खोजी कुत्ते को भी लाया गया लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इस हत्याकांड में निलंबित सिपाही के बेटे और प्रधानी के चुनाव में पराजित एक उम्मीदवार के खिलाफ केस लिखा गया है। एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
विज्ञापन


डेंगुरपुर गांव में रहने वाले माताम्बर तिवारी (52) बृहस्पतिवार रात मांडा रेलवे स्टेशन के निकट एक दावत में शामिल होने के बाद लौटे तो घर से करीब तीन सौ मीटर पहले नहर के पास अपने निर्माणाधीन मकान के बरामदे में चारपायी पर सो गए। सुबह माताम्बर देर तक घर नहीं गए तो बेटा ओमप्रकाश चाय-नाश्ता के लिए बुलाने आया। वह मकान के बरामदे में पहुंचा तो चारपायी पर पिता की खून से लथपथ लाश देख घबरा गया। उसने बाहर निकलकर शोर मचाया तो गांव वाले जुट गए। परिवार के लोग भी आ गए। माताम्बर के गले में गहरा घाव था।

कत्ल की जानकारी पाकर मांडा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार यादव, सीओ मेजा जीतेंद्र शुक्ला और फिर एसपी यमुनापार आशुतोष मिश्र भी पहुंच गए।

मौके पर खोजी कुत्ते को भी बुलाया गया लेकिन उससे कोई सहायता नहीं मिल सकी। गम में डूबे परिवार के लोगों से इस बारे में बात की गई। मातम्बर तिवारी के तीन बेटे हैं। मंझला पुत्र जयप्रकाश दिल्ली में नौकरी करता है। यहां ओमप्रकाश और सुभाष रहते हैं। बेटों से बातचीत में पुलिस को पता चला कि मातम्बर की दो लोगों से रंजिश थी। एक तो पुलिस विभाग के निलंबित सिपाही पंचम गिरि के पुत्र हृदयेश से। उससे मातम्बर का डेढ़ बीघा जमीन का विवाद था जिसमें चकबंदी अधिकारी के पास सुनवाई चल रही थी।
विज्ञापन


 शनिवार को उस मामले में फैसला आना था। ज्यादा संभावना थी कि फैसला मातम्बर के पक्ष में आता। इसके अलावा प्रधानी के चुनाव में विजेता गिरजाशंकर पांडेय का समर्थन करने से पराजित उम्मीदवार शेषमणि तिवारी भन्नाया हुआ था। मृतक के पुत्र सुभाष तिवारी की तहरीर पर सिपाही पुत्र हृदयेश और पराजित उम्मीदवार शेषमणि के खिलाफ हत्या का मुकदमा लिखा गया। पुलिस ने शेषमणि को हिरासत में लिया है। पुलिस अफसरों को भी शक है कि कत्ल के पीछे जमीन का ही विवाद है।

 यमुनापार इलाके में ही बारा क्षेत्र में भी एक युवक का कत्ल कर दिया गया। शुक्रवार सुबह मोजवा गांव से गुजरे नाले में युवक का शव देख वहां भीड़ लग गई। तकरीबन 35 वर्षीय युवक की पहचान नहीं हो सकी। उसके शरीर पर जींस पैंट और टी-शर्ट थी। पैरों में मोजे थे लेकिन जूते नदारद थे। ग्राम प्रधान मोहम्मद अली से जानकारी पाकर बारा थाना प्रभारी आरपी राय वहां पहुंचे और शव का निरीक्षण किया। मृतक के शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं दिखी। शक है कि उसे गला घोंटकर मारा गया होगा। पुलिस को उसके हाथ पर गोदने से संजय पाल लिखा नजर आया। साफ है कि मारे गए युवक का नाम संजय होगा। मगर वह कौन था? किसने मारा और क्यों? यह तो शिनाख्त के बाद परिजनों से पूछताछ में पता चलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें