जिला प्रशासन, एडीए और नगर निगम के संयुक्त दस्ते ने शनिवार को बेली कछार में बने दो बड़े मकानों को जमींदोज कर दिया। यहां करीब तीन घंटे कार्रवाई चली। इसके बाद पीएसी, पुलिस के साथ अफसर जब तक बेली से बाहर निकलकर स्टेनली रोड पर पहुंचते तो वहां सीएमओ कार्यालय के बाहर लोगों ने चक्काजाम कर दिया।
इससे इलाहाबाद-लखनऊ रोड पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। भारी संख्या में पुलिस के साथ अफसर वहां पहुंचे तो नाराज लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। अचानक पथराव शुरू होने से अफरातफरी मच गई। इस बीच पुलिस ने चक्काजाम कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। चक्काजाम खत्म कराने के बाद करीब एक घंटे तक पुलिस वहां डटी रही।
एसडीएम सदर टीके शिबू, एडीए के जोनल अधिकारी पुष्कर श्रीवास्तव, निगम के अतिक्रमण प्रभारी एसएल यादव, अतिक्रमण निरीक्षक पीयूष मोहिले के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस और पीएसी के साथ संयुक्त दस्ता दिन में करीब साढ़े 12 बजे बेली कछार पहुंचा। यहां एचएफएल में नाले के किनारे अवैध रूप से बने दो अवैध मकानों को गिराया गया। इस दौरान निर्माण कराने वालों ने जीवनभर की पूंजी लगाकर आशियाना बनाने का हवाला दिया। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई के बाद एसडीएम ने लोगों को यहां प्लाट न खरीदने के लिए सचेत किया।
इसके बाद अफसर वहां से लौटकर स्टेनली रोड पर पहुंचे तो यहां चक्काजाम कर रहे लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। अचानक ईंट-पत्थर चलने से वहां अफरातफरी मच गई। लोग वाहन लेकर इधर-उधर भागने लगे। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस आगे बढ़ी तो चक्काजाम कर रहे लोगों ने उन पर भी पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। चक्काजाम कर रहे लोगों को काफी दूर तक दौड़ाकर पीटा। चक्काजाम खत्म कराने के बाद पुलिस शाम करीब पांच बजे तक वहीं डटी रही। उधर एसडीएम ने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में निर्माण करने और अवैध रूप से प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराके सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में एडीए के बीआई आरएन आजाद, योगेंद्र राय, कुंवर सिंह, जेई अनिल कुमार सिंह, रवींद्र शुक्ला, सुपरवाइजर शिवरतन, दौलतराम आदि शामिल थे।
जिला प्रशासन, एडीए और निगम के संयुक्त दस्ते ने बेली कछार में कार्रवाई के पहले जार्जटाउन में जगत तारन गर्ल्स डिग्री कॉलेज के सामने नजूल प्लॉट नंबर 17 में कार्रवाई की। एसडीएम सदर टीके शिबू, एडीए के संयुक्त सचिव गुडाकेश शर्मा, निगम के एसएल यादव एवं मोहिले के नेतृत्व में गए दस्ते ने यहां चार चहारदीवारी एवं अस्थायी मकान समेत दो बड़े भवनों को ध्वस्त कर करीब सात सौ वर्गमीटर जमीन मुक्त कराई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया।