इलाहाबाद। शहर के कटरा इलाके में बृहस्पतिवार रात छेड़खानी के बाद जमकर हंगामा हुआ। किराए के कमरे में सामने रहने वाला प्रतियोगी छात्र रात लगभग सवा 11 बजे लड़की के घर की बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर घुस रहा था। शोर गुल सुनकर घरवालों की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग एक त्र हो गए। आरोपी को खदेड़ा तो वह एक लॉज के अंदर घुस गया। इस पर लोग हंगामा करने लगे। सूचना पर वहां पहुंची कर्नलगंज पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली। मकान मालिक ने किराएदार को कमरे से निकालने की बात कही है।
कटरा में एक दुकानदार की बेटी बीए की छात्रा है। दुकान के सामने एक युवक किराए पर कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता है। बृहस्पतिवार रात वह सड़क पर सन्नाटा देखकर छात्रा के घर में घुसने का प्रयास कर रहा था। तभी खटपट की आवाज पर घरवालों की नींद खुल गई। शोर गुल मचा तो मोहल्ले के लोग जुट गए। युवक भागा तो लोगों ने उसे पहचान लिया। वह एक लॉज में घुसा लेकिन मोहल्ले के लोगों के खोजने पर नहीं मिला। कर्नलगंज एसआई हरिकेश तिवारी ने बताया कि छेड़खानी को लेकर हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। मोहल्ले के लोगों में आरोपी किराएदार छात्र के प्रति आक्रोश था। तहरीर लेकर आरोपी की तलाश की जा रही है।