यमुनापार इलाके के कोढ़निया गांव के सामने मंगलवार रात बाइक सवार तीन युवक टेंपो की टक्कर लगने पर गिरे तो डंपर ने उन्हें चपेट में ले लिया। उनमें दो सगे भाई और तीसरा उनका दोस्त है। घायल युवकों को अस्पताल ले जाया गया जहां दो भाइयों में बड़े की मौत हो गई। बाकी दोनों युवकों का इलाज हो रहा है।
मेजा रोड पर पटेल नगर चौराहा के पास रहने वाले द्वारिका प्रसाद तिवारी ने किराने की दुकान खोल रखी है। उनके दो बेटों में उमाकांत तिवारी (22) बड़ा जबकि 19 वर्षीय अजय छोटा था। मंगलवार रात दोनों भाई पांती गांव निवासी सिद्धार्थ उपाध्याय (23) के साथ बाइक पर मांडा के भारतगंज में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। वे तीनों कोढ़नियां गांव के निकट पहुंचे तभी सामने से आ रहे टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी।
वे तीनों दूसरी तरफ से आ रहे डंपर की चपेट में आ गए। भीड़ जुटी तो खबर पाकर पुलिस और परिवार के लोग वहां पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों उमाकांत, अजय तथा दोस्त सिद्धार्थ को शहर में अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उमाकांत ने दम तोड़ दिया। छोटे भाई और दोस्त का इलाज चल रहा है। डंपर और टेंपो का पता नहीं चल सका। एक बेटे की मौत और दूसरे के घायल होने से तिवारी परिवार में कोहराम मच गया। घर में उमाकांत की मां और चार बहनों समेत महिलाओं का विलाप गूंजने लगा।