कोचिंग सेंटर को ई-मेल पर भेजी धमकी
प्रयागराज। सिविल लाइंस स्थित एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान के नई दिल्ली स्थित मुख्य सर्वर पर धमकी भरा ई-मेल भेजा गया। 23 मार्च को भेजे गए इस धमकी भरे ई-मेल में बदला लेने के लिए गुरिल्ला हमला करने की बात लिखी गई है। ई-मेल की सूचना पर प्रयागराज केंद्र पर भी हड़कंप मच गया। यहां सिविल लाइंस थाने में भी केंद्र संचालक की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। केंद्र संचालक अनूप श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उनके नई दिल्ली स्थित मुख्य सर्वर में गुरिल्ला नाम से बनाई गई एक मेल आईडी के जरिए धमकी भरा मेल भेजा गया है। इसमें एक खास समुदाय को निशाना बनाने की बात कहते हुए रविवार को बदला लेने के लिए आने की बात लिखी गई है। ई-मेल में उनसे निपटने के लिए चुनौती भी दी गई है। केंद्र संचालक के मुताबिक धमकी भरा ई-मेल मुख्य सर्वर में भेजा गया था। इसमें किसी खास केंद्र का उल्लेख नहीं था। लिहाजा, देशभर में स्थित सभी केंद्रों की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के मुताबिक तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके जांच कराई जा रही है।