नैनी के स्कूल में प्रिंसिपल ने बच्चों के बाल काटे, कई बच्चे डिप्रेशन में
प्रिंसिपल साथ में रखता है कैंची, अभिभावक एकता समिति करेगी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
नैनी स्थित एक कान्वेंट स्कूल में पिछले दो-तीन दिन से सजा के तौर पर बच्चों के बाल ही काट दिए जा रहे हैं। ऐसा करने वाला भी स्कूल का प्रिंसिपल ही है। बच्चों ने अभिभावकों को बताया तो स्कूल में इसकी शिकायत की गई। वहां बच्चों के भविष्य का हवाला देकर उनको लौटा दिया गया। मामला अभिभावक एकता समिति तक पहुंचा, इसके बाद बृहस्पतिवार को समिति ने इस मसले पर प्रशासन से शिकायत का निर्णय लिया है।
स्कूल में प्रिंसिपल हर वक्त साथ में कैंची रखता है। जब भी किसी छात्र के बाल बड़े मिले, वहीं पर सजा के तौर पर उसे काट दिया जाता है। अब तक आधा दर्जन बच्चों के बाल काटे जा चुके हैं। यह जानकारी अभिभावकों ने अभिभावक एकता समिति के अध्यक्ष विजय गप्ता को दी।
विजय गुप्ता का कहना है कि वह बुधवार को नैनी में पीड़ित अभिभावकों से मिले थे। अधिकांश प्रिंसिपल की शिकायत कर रहे हैं। पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे भयभीत हैं। कई बच्चे डिप्रेशन में हैं। वह प्रिंसिपल के खिलाफ एक दो दिन में डीएम और एसएसपी से शिकायत कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।