शराब पीने के आरोपी सीआईटी के बयान दर्ज
इलाहाबाद। प्रयागराज एक्सप्रेस के एसी कोच में ड्यूटी के दौरान शराब पीने के दोनों आरोपी सीआईटी के बयान मंगलवार को डीआरएम ऑफिस में दर्ज हुए। इस दौरान दोनों सीआईटी से शुक्रवार की रात का पूरा वाकया पूछा गया। उनके रजिस्टर भी वाणिज्य विभाग के अफसरों ने चेक किए। बयान दर्ज करने के बाद अभी आगे की कार्रवाई नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि बुधवार को इस संबंध में डीआरएम से भी अफसर वार्ता करेंगे। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार की रात दिल्ली से इलाहाबाद के लिए चली प्रयागराज एक्सप्रेस के एसी कोच में टिकट चेकिंग के बाद कोच सहायक की बर्थ पर दो सीआईटी (मुख्य टिकट निरीक्षक) शराब पीते दिखे। इस दौरान दोनों का किसी ने वीडियो बना लिया। सोमवार को अचानक यह वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद सीनियर डीसीएम ने दोनों सीआईटी सोमवार को ही सस्पेंड कर दिए। मंगलवार को वाणिज्य विभाग के अफसरों के समक्ष उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया। उनके बयान भी दर्ज किए गए। मंडल के सीनियर पीआरओ अमन वर्मा ने बताया कि अभी दोनों सीआईडी सस्पेंड ही चल रहे हैं। सीनियर अफसर बुधवार को इस संबंध में डीआरएम से वार्ता करेंगे।