पहली पत्नी के रहते सिपाही ने की दूसरी शादी
युवती ने एसएसपी को दी तहरीर, रेप और तेजाब से जलाने की धमकी का लगाया आरोप
इलाहाबाद। पुलिस चौकी कोंहड़ौर में तैनात एक सिपाही पर पहली पत्नी की बात छिपाकर दूसरी शादी का आरोप लगा है। कोरांव की रहने वाली एक युवती ने गुरुवार को एसएसपी को तहरीर दी है जिसमें सिपाही पर रेप करने और तेजाब से जलाकर धमकी देने का आरोप लगाया गया है। युवती का कहना है कि सिपाही ने उसके कई वीडियो भी बनाए हैं। वह इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दे रहा है।
कोरांव में 2016 में तैनात एक सिपाही का वहीं के एक परिवार में आना जाना हो गया। सिपाही ने खुद को अविवाहित बताया और परिवार की एक युवती से शादी की इच्छा जताई। युवती और उसके घर वाले राजी थे। युवती का आरोप है कि इस दौरान सिपाही ने उसके साथ लगातार संबंध बनाए। इसके बाद उसका स्थानांतरण हो गया तो वह खुल्दाबाद थाने में रहने लगा। वहां पर उसने युवती के कई वीडियो बना लिए। जब युवती ने शादी की जिद की तो जुलाई 2017 में उससे कोर्ट मैरिज कर ली। अलोपीबाग मंदिर में भी शादी ती। इसके बाद सिपाही का व्यवहार बदलने लगा। वह मारपीट करने लगा। वह सब सहती रही। इसी 17 जून को सिपाही ने अपनी पहली से युवती को मिलवाया और कहा कि उसके दो बच्चे भी हैं। अगर घर में नौकरानी की तरह रहना है तो ठीक नहीं तो वह चली जाय। शिकायत की तो उसके सारे वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया जाएगा। परेशान युवती ने 18 जून को खुल्दाबाद थाने में तहरीर दी लेकिन उसकी नहीं सुनी गई तो उसने 21 जून को एसएसपी से मिलकर तहरीर दी। अब इसकी जांच कराई जा रही है।