अल्लापुर में छात्र पर हमला, फायरिंग
इलाहाबाद। अल्लापुर में सोमवार की शाम सीएमपी के एक छात्र पर कुछ लड़कों ने हमला कर दिया। छात्र का आरोप है कि उसे चुनाव न लड़ने की धमकी देते हुए हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की। हंडिया बरौत का रहने वाला आशुतोष अग्रहरि सीएमपी डिग्री कालेज का छात्र है। वह एबीवीपी से जुड़ा हुआ है। आने वाले छात्रसंघ चुनाव में वह महामंत्री पद का प्रत्याशी है। आशुतोष का आरोप है कि सोमवार की शाम वह पैदल ही दोस्त से मिलने जा रहा था। अमिताभ बच्चन रोड के पीछे कुछ लड़कों ने उस पर हमला कर दिया। उसे लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया। जाते हुए हमलावरों ने धमकी दी कि अगर चुनाव लड़ा तो जान से मार दिया जाएगा। आशुतोष को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ पंकज सिंह का कहना है कि फायरिंग की बात गलत है। कुछ लड़कों में झगड़े की सूचना मिली थी।