कुंभ से सटे गांवों में बिछेगी पाइपलाइन
0 पांच नई पेयजल योजनाओं को हरी झंडी, टंकियां भी बनेंगी, लगेंगे नलकूप
0 सभी योजनाओं पर खर्च करेंगे 21 करोड़ से अधिक रुपये, काम शुरू
मुनेंद्र बाजपेयी
इलाहाबाद।
कुंभ के दौरान शहर के साथ मेला क्षेत्र से सटे पांच गांवों में भी पेयजल योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। यात्रियों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े, इसलिए जलनिगम इन योजनाओं को नवंबर तक पूरी करने की तैयारी में है। 21 करोड़ की अधिक लागत की इन योजनाओं के तहत नलकूप स्थापना, टैंक निर्माण और नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
कुंभ के दौरान आने आने वाली भीड़ मेला क्षेत्र के साथ गांवों में भी रुकती है। शासन ने स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र के आसपास वाले पांच गांवों में पेयजल योजना को स्वीकृति दी है। इसमें हेतापट्टी, पूरे सूरदास (झूंसी), मादपुर बम्हरौली, नैनी में पूरे पांडेय (विस्तार) और अरैल गांव का चयन किया गया है। चिह्नित गांवों में नलकूप स्थापना के साथ पानी की टंकी बनाई जाएगी। पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन भी बिछाई जाएगी। इन योजनाओं को इस तरह स्थापित किया जाएगा कि मेला के बाद स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिले।
नलकूप स्थापना स्थल- धनराशि
1- हेतापट्टी ग्राम पेयजल योजना (झूंसी) : 2.85 करोड़ रुपये
2- पूरे सूरदास ग्राम पेयजल योजना (झूंसी) : 3.45 करोड़ रुपये
3- मादपुर ग्राम पेयजल योजना (बम्हरौली): 1.53 करोड़ रुपये
4- पूरे पांडेय ग्राम पेयजल योजना (नैनी) : 8.46 करोड़ रुपये
5- अरैल ग्राम पेयजल योजना (नैनी): 4.89 करोड़ रुपये
शहर में पांच नए नलकूप, दस होंगे रीबोर
-कीडगंज में ट्यूबवेल और टंकी निर्माण को जमीन की तलाश
इलाहाबाद। कुंभ से पहले शहर में पांच नए नलकूप स्थापित किए जाएंगे। इनकी क्षमता दस हजार लीटर प्रति मिनट ( एलपीएम) होगी। साथ ही दस पुराने ट्यूबवेलों को रीबोर भी किया जाएगा। ये काम जलकल विभाग के अनुरोध पर जलनिगम कराएगा।
शहर के अलका विहार कॉलोनी, नार्थ मलाका(जीआईसी के पीछे), नेहरू पार्क में काम शुरू होना है। कुंभ कार्यों के तहत नीमसरांय और छोटा बघाड़ा में स्थापित नलकूप चालू कर दिए गए हैं। योजना कीडगंज इलाके में एक बड़ा नलकूप स्थापित करने की है। यहां एक टंकी भी बनाई जानी है। रुकावट जमीन न मिलने से हो रही है। अफसरों का मानना है कि नेतानगर में दिलीप जायसवाल पार्क या दुर्गापूजा पार्क में जमीन मिल जाए तो पांच महीने के भीतर नलकूप काम करना शुरू कर देगा। इस बारे में महापौर, नगर आयुक्त और जलकल के महाप्रबंधक को जलनिगम के अफसरों ने पत्र लिखा है। साथ ही क्षेत्रीय पार्षद किरन जायसवाल, रमेश मिश्रा, अकीलुर्रहमान से भी वार्ता की जाएगी।
शासन की मंशा है कि कुंभ से पहले शहर और मेला क्षेत्र से सटे इलाकों में जनसुविधाओं के साथ स्वच्छ जल की उपलब्धता सुुनिश्चित की जाए। प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। इन योजनाओं से मेला समाप्ति के बाद शहरियों को लाभ मिलेगा। - जीसी दुबे, मुख्य अभियंता जल निगम