आरटीओ आफिस में हंगामा, युवक ने तोड़े कंप्यूटर, वेब कैमरा
- ड्राइविंग लाइंसेंस की औपचारिकता पूरी करने के दौरान विवाद
- तोड़फोड़ करने के बाद भागा आरोपी, धूमनगंज थाने में एफआईआर
इलाहाबाद। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आरटीओ आफिस में मंगलवार दोपहर लाइसेंस बनवाने गए एक युवक ने जमकर हंगामा किया। ठेके पर लगी कंपनी के कर्मचारी ने युवक से औपचारिकताएं पूरी करने को कहा तो वह मारपीट करने लगा। गुस्से में आगबबूला युवक ने वहां लगा कंप्यूटर और वेब कैमरा तोड़ने के बाद मेज पलट दी। रोकने की कोशिश के दौरान युवक भाग निकला। उसके खिलाफ धूमनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
इंस्पेक्टर धूमनगंज के मुताबिक आरटीओ आफिस में तोड़फोड़ के आरोपी की पहचान कर ली गई है। वह ट्रांसपोर्ट नगर का रहने वाला प्रेम केसरवानी है। वह कई दिन से डीएल बनवाने के लिए वहां जा रहा था। जांच में पता चला है कि आरोपी प्रेम मानसिक रूप से बीमार है। पड़ोसियों ने बताया कि दो दिन पहले उसने अपने घर में भी हंगामा कर मारपीट की थी। एआरटीओ प्रशासन आरएन चौधरी ने बताया कि मारपीट और तोड़फोड़ का आरोपी बिना औपचारिकताएं पूरी कर ड्राइविंग लाइसेंस मांग रहा था। बिना एआरआई के हस्ताक्षर के लाइसेंस दिया नहीं जा सकता। इसी बात पर उसने हंगामा कर कंप्यूटर आदि तोड़े फिर भाग निकला। सूचना पर टीपी नगर चौकी इंचार्ज सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखाया गया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी लेकिन वह पकड़ा नहीं जा सका।