कोचिंग संचालक पर फायरिंग करने वाले की तलाश में दबिश
मूल रूप से मिर्जापुर का रहने वाला, कीडगंज में किराये के कमरे में रहता है
इलाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र स्थित रामबाग स्थित चंद्रा कोचिंग संस्थान के संचालक पर गोली चलाने वाले मनीष पांडेय की तलाश में शुक्रवार को कई जगह दबिश दी गई। पुलिस कीडगंज स्थित उसके घर भी पहुंची लेकिन वहां ताला लगा था। उसके कुछ परिचितों से पूछताछ भी की गई। इससे पहले गुरुवार देर रात कोचिंग संचालक वागेश पांडेय ने मनीष और उसके एक दर्जन साथियों के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
रामबाग में सुंदरम टावर स्थित चंद्रा कोचिंग संस्थान में गुरुवार की शाम फीस माफी के मुद्दे पर एक दर्जन से अधिक छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया था। उन लोगों ने न सिर्फ संचालक वागेश पांडेय की पिटाई की बल्कि उन पर फायरिंग भी की। कोचिंग के बाहर बम भी फोड़े गए। घटना के बाद कोचिंग के छात्रों ने साउथ मलाका चौकी का घेराव किया था। देर रात वागेश पांडेय की तहरीर पर मनीष पांडेय और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ प्रथम विनीत जायसवाल ने बताया कि मनीष पांडेय मूल रूप से मिर्जापुर का रहने वाला है। यहां कीडगंज में रहकर पढ़ाई करता था। बाद में कई आपराधिक घटनाओं में उसका नाम आया। कीडगंज में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। उसके आपराधिक रिकार्ड का पता लगाया जा रहा है। शुक्रवार को उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी गई। उसका मोबाइल नंबर मिल गया है। खोजबीन की जा रही है। एक संभावना यह भी है कि वह सरेंडर कर दे। इसके लिए कचहरी के पास भी फोर्स लगाई गई है। घटना में सीसीटीवी फुटेज की भी मदद ली जा रही है।