बाइक सवार ने छीनी चेन, कार सवार ने दी धमकी
इलाहाबाद (ब्यूरो) अल्लापुर में सुबह करीब साढ़े आठ बजे बेटी के साथ बाजार जा रही शिक्षिका सुमनलता मौर्य के गले से बाइक सवार लुटेरा चेन खींच ले गया। उसी के पीछे आ रहे कार सवार दो व्यक्तियों ने धमकी दी कि चेन छिनने की रिपोर्ट दर्ज कराई तो जान से मार डालेंगे। महिला की ओर से घटना की थाने में तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
पीड़ित महिला सुमनलता मौर्य (45) मेजा ब्लाक के प्राइमरी स्कूल में शिक्षक हैं। वह सामान खरीदने बाजार जा रहीं थी। उसी समय पीछे से एक बाइक सवार युवक आया और गले से जंजीर खींचकर भाग गया। करीब एक मिनट के बाद कार में सवार दो युवक नजदीक आए और उन्होंने उनको रोक कर कहा कि ‘तुम्हारी चेन छिन गई है, रिपोर्ट दर्ज मत कराना, वरना जान से हाथ धोना पड़ेगा’। महिला की ओर से थाने में तहरीर दे दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत होती है, इसलिए आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी करने के बाद ही रिपोर्ट की जाएगी।