नाबालिग से यौन उत्पीड़न का आरोपी गिरफ्तार
अप्रैल 2017 से फरार था 15 हजार का इनामी
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। शंकरगढ़ थाना क्षत्र के बेरूई में नाबालिग के यौन उत्पीड़न के मामले में फरार चल रहे 15 हजार के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ अपनी ही गांव की एक नाबालिग लड़की को भगा ले जाने और फिर उसका यौन उत्पीड़न करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
एसपी यमुनापार ने बताया कि आरोपी 29 अप्रैल 2017 को अपने एक साथी की मदद से गांव की किशोरी को मुंबई भगा ले गया था। इधर परिजनों ने मामले में गांव के ही अंशुमान यादव पुत्र राजेंद्र प्रसाद यादव पर अपहरण व पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस युवती की खोजबीन में लगी थी। कई महीनों बाद पता चला कि आरोपी ने युवती को पास के ही एक गांव में रखा हुआ है। जहां पहुंचकर पुलिस ने युवती को तो बरामद कर लिया लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सका। किशोरी से पूछताछ में पता चला कि आरोपी उसे पहले मुंबई और फिर बांदा ले गया। वहां उसने जबरन शारीरिक संबंध भी बनाए। साथ ही धमकी भी दी। गिरफ्तारी न होने पर 23 जून को अदालत के आदेश पर उसके खिलाफ कुर्की की भी कार्रवाई की गई। साथ ही 15 हजार का इनाम भी घाषित हुआ। पुलिस ने बताया कि बुधवार को अंशुमान कहीं भागने की फिराक में था, इसी दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।