नायब तहसीलदार के घर लाखों की चोरी
परिवार के साथ गए थे बिहार, चोरों ने तोड़ा ताला
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
टैगोर टाउन के रहने वाले एक नायब तहसीलदार के घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों का माल उड़ा दिया। वह परिवार के साथ बिहार गए थे। शनिवार को लौटे तो चोरी की जानकारी हुई। रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दिनेश मिश्रा नायब तहसीलदार हैं। उनकी किसी दूसरे जनपद में तैनाती है। परिवार टैगोर टाउन में रहता है। वह कुछ दिन पहले परिवार के साथ भागलपुर बिहार किसी रिश्तेदार के घर गए थे। शनिवार शाम वह वापस लौटे तो उनके होश उड़ गए। ताला टूटा हुआ था। अंदर सारा सामान बिखरा था। चोरों ने नकदी और जेवरात समेत लाखों की चीजें चुरा ली थीं, तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर जार्जटाउन राजकुमार शर्मा ने बताया कि चोरों को उनके बाहर जाने की मुखबिरी हो गई थी। पता लगाया जा रहा है कि आस पास के लोगों का तो हाथ नहीं।
छत के रास्ते घुसे चोर, 20 हजार उड़ाया
इलाहाबाद। जार्जटाउन में जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर रहने वाले गोपाल नारायण के घर शनिवार दिन में चोर छत के रास्ते अंदर घुसे और कमरे में रखा मोबाइल सेट, 20 हजार रुपये और एक बैग में रखी मार्कशीट आदि चुरा ले गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है।
ताला तोड़कर टीवी उठा ले गए चोर
इलाहाबाद। करेली के मनोहर दास का बगिया इलाके में रहने वाले सिबली रजा अंसारी के घर का ताला तोड़कर चोरों ने टीवी, मोबाइल सेट और गहने उड़ा दिए। घटना एक हफ्ते पहले की है। 11 अगस्त को जानकारी हुई तो रिपोर्ट दर्ज कराई गई।