पीठासीन अधिकारी की हार्टअटैक से मौत की पुष्टि
प्रयागराज। मंसूराबाद के मकदूमपुर बूथ पर तैनात पीठासीन अधिकारी विवेकनंदन की मौत हार्ट अटैक से होने की पुष्टि पोस्टमार्टम के जरिए हुई है। सोमवार को परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। लखनऊ के सरायमाली चौक निवासी विवेकनंदन 55 वर्ष एजी ऑफिस में काम करते थे। उनकी मकदूमपुर बूथ पर चुनावी ड्यूटी लगाई गई थी। मतदान के दिन उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उनको एसआरएन ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। उनकी जेब से हार्टअटैक की दवा मिली। ऐसे में माना जा रहा था कि उन्हें बूथ पर ही दिल का दौरा पड़ा। उधर, विवेकनंदन की मौत की रिपोर्ट चुनाव आयोग भेजी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आयोग से मिले निर्देश के मुताबिक विवेकनंदन के परिजनों की मदद की जाएगी।