शुआट्स वीसी समेत 20 के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा
वकीलों का प्रतिनिधिमंडल मिला एसएसपी से, उत्पीड़न का आरोप लगाया
इलाहाबाद। शुआट्स वीसी आरबी लाल समेत संस्थान के 20 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने दो जगह से तनख्वाह ली। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को एसएसपी से मिला और उत्पीड़न का आरोप लगाया। एसएसपी ने इस मामले में लीगल ओपीनियन लेने का आश्वासन दिया है।
भाजपा नेता दिवाकर नाथ त्रिपाठी की तहरीर पर नैनी थाने में शुआट्स वीसी आरबी लाल और स्टीफन दास समेत 20 पदाधिकारियों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। तहरीर के मुताबिक आरोपी बनाए गए सभी 20 लोगों ने दो दो जगहों से तनख्वाह ली। कुछ मामलों में तनख्वाह और पेंशन भी लिया गया। दिवाकर ने कुछ समय पहले एसएसपी को शिकायत पत्र दिया था। एसएसपी के आदेश पर सीओ करछना रत्नेश सिंह ने मामले की जांच की थी। उनकी रिपोर्ट आने के बाद शनिवार को रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके विरोध में शनिवार को शीतला प्रसाद मिश्रा और प्रभाशंकर मिश्रा के नेतृत्व में वकीलों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी आकाश कुलहरि से मिला। उनका कहना था कि शुआट्स के अधिकारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। दिवाकर नाथ त्रिपाठी किसी भी मामले में पक्ष नहीं हैं फिर भी उनकी तहरीर पर पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर कर रही है। एसएसपी ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी मामले एकतरफा कार्रवाई नहीं की जाएगी। इस मामले में भी लीगल ओपीनियन लेने के बाद ही कोई कार्रवाई होगी। शुआट्स के प्रवक्ता परवेज अंसारी का कहना है कि सारे प्रकरण ब्लैकमेलिंग कर धन उगाही के हैं। पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए।