मीरगंज। हल्दी खुर्द गांव में आंगन में गहरी नींद में सोये परिवार के घर को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये की नकदी, जेवर चोरी कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोरों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन वे हाथ नहीं लगे।
मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव हल्दी खुर्द के सलीम के घर में निर्माण कार्य चल रहा है। मकान के किसी दरवाजे पर किवाड़ नहीं है। गुरुवार रात परिवार आंगन में सो रहा था। किसी समय मौका पाकर चोर घुस आए और 34 हजार रुपये नकद सहित सोने चांदी के जेवर चोरी कर ले गए।
घर में खटपट की आवाज सुनकर उनके भाई इस्लाम नबी की पत्नी आशमा की आंख खुल गई तो उसे देखकर दो चोर घर से निकल कर भागे। जब उसने शोर मचाया तो गांव में जाग हो गई। लोगों ने उस गली से दो और चोरों को भागते हुए देखा। तभी गांव वालों ने मीरगंज पुलिस को फोन कर सूचना दी। पुलिस गांव में पहुंच गई और ग्रामीणों के साथ जंगल में खोजबीन की, लेकिन चोरों का कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को सलीम ने मीरगंज थाने पहुंच कर चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो
प्रधान सहित तीन को शांतिभंग की आशंका में चालान
मीरगंज। थाना के गांव धंतिया में प्रधान पक्ष और कोटेदार पक्ष में विकास कार्यों की जांच कराने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। कुछ ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान श्रीपाल पर विकास कार्यों में अनियमितताएं करने का आरोप लगाकर शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी। जिसकी जांच करने एडीओ व ग्राम विकास अधिकारी गांव पहुंचे थे। वहां पर आपस में मारपीट हो गई, जिसमें छह लोग घायल हुए थे। पुलिस ने दोनों तरफ से 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जिसमें ग्राम प्रधान श्रीपाल, चंद्रभान और गोधन राम को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। ब्यूरो