लापता दो बच्चियों में से एक वाराणसी में मिली
प्रयागराज। बैरहना से 10 जून को रहस्यमय हालात में लापता हुई दो बच्चियों में से एक शनिवार को वाराणसी से बरामद कर ली गई। मप्र के रीवा का रहने वालाराजेंद्र चौधरी पत्नी ऊषा व पुत्री रानी (8), नेहा (6) एवं पुत्र रंजीत (4) के साथ परेड मैदान पर झुग्गी में रहता है। 10 जून को दोपहर 12.30 बजे के करीब बांगड़ धर्मशाला के पास से रानी व नेहा अचानक खेलते-खेलते लापता हो गईं। खोजबीन के बाद भी उनके नहीं मिलने पर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। बैरहना चौकी प्रभारी अमर सिंह परमार ने बच्चियों के फोटो वाले पंफलेट भी शहर भर में बंटवाए थे। शनिवार को वाराणसी से फोन कर उन्हें एक व्यक्ति ने बताया कि इनमें से एक बच्ची को उसने वाराणसी में देखा है। जिसके बाद वाराणसी चाइल्ड लाइन से संपर्क करने पर पता चला कि बच्ची काशी अनाथआलय में है। इसके बाद बच्ची का पिता वाराणसी पहुंचा और उसे अपने साथ लेकर आया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में बच्ची ने बताया कि वह बहन के साथ घर से निकलने के बाद ट्रेन में बैठ गई थी। रास्ते में ट्रेन रुकी तो वह टॉयलेट जाने के लिए उतरी और उसी दौरान ट्रेन आगे बढ़ गई। इसके बाद वहां मिले पुलिसवाले उसे चाइल्ड लाइन के पास ले गए। पुलिस ने बताया कि दूसरी बच्ची की तलाश की जा रही है।