डेंटल क्लीनिक पर बम फेंककर भागे बदमाश
प्रयागराज। सिविल लाइंस में एलचिको रेस्टोरेंट के पीछे स्थित डेंटल क्लीनिक पर बदमाशों ने बम फोड़कर दहशत फैला दी। घटना शुक्रवार शाम हुई। यहां रहने वाले एक डेंटिस्ट ने निचले तल पर क्लीनिक खोल रखी है जबकि ऊपर वह परिवार समेत रहते हैं। शुक्रवार शाम क्लीनिक बंद थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने क्लीनिक के शटर पर बम फेंक दिया। धमाके से वहां दहशत फैल गई। आसपास के लोग भागकर पहुंचे तब तक बदमाश भाग चुके थे। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर मौके पर जाकर जांच पड़ताल की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। डॉक्टर ने किसी रंजिश की बाबत इंकार किया। बताया कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।