आखिरकार दर्ज हुआ आबकारी अफसर का बयान
सीओ ने ली जानकारी, घटना के वक्त मौके पर थे मौजूद
आबकारी कॉलोनी में नोटों भरा कुकर मिलने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। आबकारी कॉलोनी में नोटों भरा कुकर मिलने के मामले में आखिरकार आबकारी अफसर का बयान दर्ज हो गया। मंगलवार को सीओ के सामने पहुंचकर उन्होंने प्रकरण संबंधी जानकारी दी। हालांकि उन्होंने क्या बयान दिया, इस बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। उधर, जांच अधिकारी सीओ सिविल लाइंस का कहना है कि जल्द ही रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी जाएगी।
आबकारी विभाग कॉलोनी में सहायक एल्कोहल टेकभनोलॉजिस्ट दीपक रस्तोगी के सरकारी क्वार्टर के पीछे स्थित गैरेज में 21 जुलाई को नोटों भरा कुकर मिला था। दीपक ने तहरीर देकर पुलिस को बताया था कि अनुमानत: कुकर में 25-30 लाख रुपये थे। मौके पर मौजूद ईआईबी सिपाही सुदेश ने भी यही बताया। हालांकि पुलिस को केवल 7.93 लाख रुपये मिले। इसके बाद मामले की जांच शुरू करा दी गई। मंगलवार को अपर आबकारी आयुक्त लाइसेंसिंग एवं वितरण अविनाश मणि त्रिपाठी बयान दर्ज कराने पहुंचे। सीओ सिविल लाइंस को उन्होंने प्रकरण से संबंधित वह सारी जानकारी दी जो उनके पास थी। यह भी बताया कि उनके अलावा कौन-कौन से विभागीय अफसर मौके पर मौजूद थे। हालांकि बाकी की रकम के बारे में उन्होंने क्या जानकारी दी, इसका पता नहीं चल पाया। वैसे सूत्रों की मानें तो उन्होंने बयान में यही कहना है कि बाकी के अफसरों के साथ ही वह गैरेज में पहुंचे थे। इसके बाद उन्हीं अफसरों के साथ ही वह वापस चले गए। इससे ज्यादा उन्हें कुछ जानकारी नहीं है। इस मामले में सीओ श्रीश्चंद्र का कहना है कि अपर आयुक्त ने बयान दर्ज करा दिया है। और भी अफसरों से जानकारी जुटाकर जल्द ही रिपोर्ट अफसरों को सौंप दी जाएगी।
विभागीय जांच भी जारी
उधर आबकारी विभाग की ओर से की जा रही जांच भी जारी है। जांच अभी कहां तक पहुंची है, इस बारे में अफसर कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। यहां तक कि यह जानकारी भी नहीं दे रहे कि इस संबंध में अब तक किसी का बयान दर्ज किया गया है या नहीं। अपर आबकारी आयुक्त प्रशासन ओपी आर्या से पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि जांच जारी है। पूरी होते ही रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी जाएगी। बता दें कि आबकारी आयुक्त की ओर से मामले की विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।