संतान न होने से परेशान होकर लगाई फांसी
प्रयागराज। कैंट थाना क्षेत्र के बेली मोहल्ले में संतान न होने से परेशान महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। मोहल्ले में रहने वाला शालू टेंपो चलाता है। चार साल पहले उसकी शादी पड़ोस की ही सोनी(26) से हुई थी जो अपनी मौसी के साथ रहती थी। घर में पति-पत्नी के अलावा शालू का छोटा भाई रहता है जो बृहस्पतिवार को किसी काम से बाहर गया था। उधर शालू रोज की तरह सुबह ही टेंपो लेकर निकल गया था। शाम चार बजे के करीब शालू का छोटा भाई आया तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। बहुत आवाज देने के बाद भी जवाब नहीं मिला तो उसने पड़ोसियों के साथ ही भाई को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर भीतर गई तो सोनी फांसी पर लटकी मिली। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव पोसटमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, पति ने बताया कि चार दिन पहले सोनी का गर्भपात हो गया था जिसके बाद वह काफी तनाव में थी। पुलिस का कहना है कि उड़ीसा में रहने वाली उसकी मां को सूचना दे दी गई है। जांच की जा रही है।