युवती ने शादी से किया इनकार, बिन दुल्हन लौटी बारात
नारीबारी (ब्यूरो)। नारीबारी चौकी क्षेत्र के मवैया कला गांव में बीती रात कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार से बारात गई थी। जहां पर हाइड्रोलिक जयमाल की व्यवस्था न होने पर दूल्हा नाराज हो गया। काफी मानमनौव्वल के बाद जयमाल की रस्म पूरी हुई, लेकिन दूल्हे की नाराजगी कम नहीं हुई। इससे युवती ने शादी से इंकार कर दिया। मामला पुलिस चौकी नारीबारी पहुंचा तो चौकी इंचार्ज ने दोनों पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन शादी से इंकार करती रही। विवाह का खर्च वापस करने की शर्त पर समझौता हुआ। बिना दुल्हन के बारात को वापस जाना पड़ा जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।