घंटे भर के भीतर बमबाजी-तोड़फोड़ की दो वारदातों से सोमवार शाम जार्जटाउन इलाके में दहशत फैल गई। फीस कम कराने को लेकर थाने के सामने स्थित कोचिंग में बमबाजी की गई। उधर कुलभाष्कर कॉलेज हॉस्टल में भी बम चलाए गए।
पुलिस के मुताबिक, जार्जटाउन थाने के सामने डीपी सिंह क्लासेस कोचिंग संस्थान है। यहां के धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि में 6.30 बजे के करीब तीन लोग किसी छात्र का दाखिला कराने पहुंचे थे। वह फीस कम कराना चाहते थे जिससे संचालक ने इंकार कर दिया। इस पर उस समय तो तीनों चले गए। हालांकि कुछ देर बाद अचानक फिर से तीनों युवक पल्सर बाइक से पहुुंचे और कोचिंग के दरवाजे पर बम फेंककर भाग निकले। जोरदार धमाके से कक्षा में मौजूद छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि कोचिंग के बाहर सीसीटीवी कैमरे मेें बम फेंकने वाले बदमाशों की तस्वीर कैद भी हुई है। धीरेंद्र ने करछना निवासी छात्र आनंद पटेल व उसके तीन साथियों के खिलाफ तहरीर दी।
उधर, इससे पहले कुलभाष्कर आश्रम कॉलेज के हॉस्टल में बम चलाए गए। आरोप है कि दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ बम फोड़कर दहशत फैला दी। इसके बाद निकल भागे। इंस्पेक्टर जार्जटाउन संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि थाने के सामने स्थित कोचिंग में बमबाजी के मामले में भुक्तभोगी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।