धोखाधड़ी और हेराफेरी के दर्ज हुए चार केस
0 तीन मामले आपसी विवाद के हैं जबकि एक मामला बैंक से फ्राड का
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। शहर के अलग थानों में धोखाड़ी, हेराफेरी, पैसे हड़पने के चार मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। ये सभी केस कर्नलगंज थाने के हैं। एक मुकदमा स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक ने हाउस लोन लेने वाले शख्स के खिलाफ लिखाया है, जबकि बाकी दो एफआईआर आपसी विवाद में लिखाए गए हैं।
बलरामपुर हाउस कर्नलगंज निवासी अमर शर्मा आरएसटी सेमी कंडक्टर फर्म के जनरल मैनेजर हैं। उन्होंने कोलकाता में हुगली निवासी आदित्य दास, अरुप्रिया दास समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी का केस दर्ज कराया है। विवेचना अधिकारी राजोल नागर ने बताया कि वह अभी इस मामले में जानकारी जुटा रहे हैं। उधर, एसबीआई मुख्य शाखा में तैनात मैनेजर राजकुमार श्रीवास्तव ने गौसनगर करेली में रहने वाले बदरुल हसन के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट लिखाई है। आरोप है कि बदरूल ने बैंक से तीन लाख रुपये होम लोन लेने के बाद किश्त नहीं भरी और उस मकान को बेच भी दिया। इसी तरह, टैगोर टाउन में एलआईसी कॉलोनी निवासी अनिल तिवारी की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में करछना में खाईं गांव के दीनानाथ सोनी के खिलाफ पैसे हड़पने का केस लिखा गया है। आरोप है कि दीनानाथ ने पांच लाख 20 हजार रुपये उधार लिए थे लेकिन वापस नहीं किया। कर्नलगंज थाने में ही एक अन्य केस अधिवक्ता विकास शर्मा की तहरीर पर देवकी नंदन त्रिपाठी, केशरी नंदन त्रिपाठी, विनोद त्रिपाठी, रितेश द्विवेदी, रतनलाल यादव, दिनेशचंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के जरिए मोटी रकम हड़पने तथा अधिवक्ता के कब्जे वाले भाग में ताला तोड़कर अवैध रूप से कब्जा करने का लिखा गया है। उपनिरीक्षक सियाकांत चौरसिया जांच कर रहे हैं।