सोरांव के एक परीक्षा केंद्र पर पिस्टल पकड़ा गया परीक्षार्थी
0 स्थानीय दबाव के चलते अधिकारियों ने बिना मुकदमा दर्ज कराए छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन सोरांव क्षेत्र के एक विद्यालय में दूसरी पाली की परीक्षा में एक परीक्षार्थी को एक प्रशासनिक अधिकारी ने पिस्टल के साथ पकड़ा। बताया जाता है कि स्थानीय नेताओं के दबाव के चलते बिना मुकदमा दर्ज किए उसे छोड़ दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में पहली पाली में हाईस्कूल संगीत गायन की परीक्षा में कुल 934 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जबकि इंटर में शिक्षाशास्त्र में 12334, तर्कशास्त्र में 150, मनोविज्ञान में 365 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
बताया कि करछना के रामदास सिंह इंटर कॉलेज केशवपुर में शिक्षाशास्त्र की परीक्षा में एक छात्रा को सचल दस्ते के प्रभारी जीआईसी के प्रधानाचार्य डीके सिंह ने नकल करते पकड़ा। दूसरी पाली में सोरांव क्षेत्र में एसडीएम जे रिभा ने एक छात्रा को नकल करते पकड़ा। बताया कि उन्होंने दोनों पालियों में 16 केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा में कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली।