घरेलू बिजली कनेक्शन लेकर व्यवसाय करने वाले उपभोक्ताओं पर विद्युत विभाग शिकंजा कसने जा रहा है। विभाग की ओर से ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान कर सूची तैयार की जा रही है। इसी सूची के आधार पर इन उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्ती की जाएगी। इनपर जुर्माना तो तय ही किया जाएगा। साथ ही इनपर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
विद्युत महकमे की ओर से शहर के सभी डिवीजन में यह सर्वे शुरू किया गया है। नियामक आयोग के राष्ट्रीय और राज्य औसत मान के अनुसार शहर में करीब 60 हजार कनेक्शन कॉमर्शियल होने चाहिए, लेकिन मौजूदा समय में केवल 37 हजार व्यवसायिक कनेक्शन ही हैं। महकमे की नजर करीब 23 हजार ऐसे कनेक्शनों पर है, जो घरेलू कनेक्शन लेकर कॉमर्शियल बिजली इस्तेमाल कर रहे हैं।
विद्युत महकमे के सभी डिवीजनों पर ऐसे ही कनेक्शनों को चिन्हित कर उनका आंतरिक सर्वे किया जा रहा है। इसी सर्वे रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही बिजली विभाग के अधिकारी और विजिलेंस की टीम छापेमारी करेगी। ऐसे लोगों के पकड़े जाने पर उनपर बिजली थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। महकमे के मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि अभियान चलाकर इन उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारी इसी पखवाड़े में अपनी सर्वे रिपोर्ट जमा करेंगे। मुख्य अभियंता के अनुसार हर मोहल्ले में सर्वे होगा।