स्पेशल कोर्ट एमपी-एमएलए कोर्ट ने केंद्रीय मंत्री उमा भारती को चेतावनी दी की कि यदि नियत तिथि पर वह अदालत में हाजिर नहीं होती हैं तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाएगा। प्रकरण की अगली सुनवाई 14 मार्च को होगी। यह आदेश स्पेशल कोर्ट के जज पवन कुमार तिवारी ने दिया है। प्रकरण महोबा के चरखारी थाने का है। पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन में उमा भारती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस प्रकरण में हाईकोर्ट ने स्थगन आदेश दिया था। स्पेशल कोर्ट ने कहा है कि उच्चतम न्यायालय की विधि व्यवस्था के अनुसार स्थगन आदेश प्रभावहीन हो गया है। इसलिए उमा भारती को अदालत में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना होगा।