मुंबई सीएसटी के लिए मिली सुविधा स्पेशल
कानपुर से वाया इलाहाबाद जंक्शन होकर होगा संचालन
प्रयागराज। त्योहार के इस सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने मुंबई सीएसटी के लिए सुविधा स्पेशल ट्रेन चलाने का एलान किया है। इस ट्रेन का संचालन कानपुर सेंट्रल से इलाहाबाद जंक्शन के रास्ते मुंबई के लिए होगा। ट्रेन प्रत्येक शनिवार 19 अक्तूबर से 30 नवंबर तक कानपुर से एवं प्रत्येक रविवार 20 अक्तूबर से एक दिसंबर तक मुंबई से चलेगी। कानपुर सेंट्रल से सुविधा स्पेशल दिन में एक बजे चलकर फतेहपुर रुकते हुए 3.45 बजे इलाहाबाद जंक्शन पहुंचेंगी। यहां से शंकरगढ़, मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, पिपरिया, इटारसी, भुसावल, नासिक, इगतपुरी, कल्याण रुकते हुए अगले दिन 03.20 बजे मुंबई पहुंच जाएगी। वापसी मेें मुंबई से इसके चलने का समय शाम 4.40 बजे रहेगा। जो अगले दिन शाम 5.20 बजे इलाहाबाद एवं रात 8.30 बजे कानपुर पहुंच जाएगी। 18 कोच की इस ट्रेन में सामान्य श्रेणी के चार, स्लीपर के दस, एसी थ्री, एसी टू का एक-एक एवं एसएलआर श्रेणी के दो कोच रहेंगे।