दिघिया गांव के पास डीएफसीसी रेलवे ट्रैक किनारे चहारदीवारी निर्माण को लेकर रविवार को फिर विवाद हो गया। किसानों का आरोप है कि अधिग्रहीत भूमि से आगे बढ़कर निर्माण कराया जा रहा है, जिससे उनकी खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने संबंधित आराजी का सीमांकन कराने की मांग की। सूचना पर एसडीएम मेजा सुरेंद्र कुमार व तहसीलदार जमुना प्रसाद वर्मा समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि निर्माण अधिग्रहीत जमीन पर ही हो रहा है। डीएफसीसी के अधिकारियों के अनुसार, मुआवजा पहले ही दिया जा चुका है। एहतियातन मौके पर आरपीएफ व पुलिस तैनात रही।