शाही। बैंक उपभोक्ताओं को एटीएम बूथ बंद होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे में दो एटीएम बूथ हैं, दोनों ही जगह नकदी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में उपभोक्ताओं को बैंक शाखा में कतार लगाने के बाद नकदी निकालनी पड़ रही है।
यहां उपभोक्ताओं को सर्वर में दिक्कत समेत अन्य परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। मंगलवार को एटीएम बूथ पर नकदी निकालने के लिए आए व्यापारी सुशील शर्मा ने बताया कि दोनों ही एटीएम में घूम चुका हूं। दोनों जगह नकदी नहीं मिली। बैंक जाने पर वहां लंबी लाइन है। वहीं, किसान नाजिम ने बताया कि बैंक में कई घंटे तक अपनी बारी का इंतजार किया। बावजूद नंबर नहीं आया है। राहिद हुसैन, बिलाल खान, आरिफ अंसारी, गन्ना किसान साजिद ने बताया कि कई बार बैंक प्रबंधन से एटीएम बूथ शुरू करने के लिए गुहार लगा चुके हैं। कोई सुनवाई ही नहीं होती।
मामले में यूको बैंक के शाखा प्रबंधक अतुल यादव का कहना है कि पिछले पांच दिनों से एटीएम बूथ तकनीकी खामी की वजह से बंद है। इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को दी जा चुकी है। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक की प्रबंधक नीलम सिंह ने बताया कि मशीन खराब होने की वजह से निकासी नहीं हो पा रही है। जल्द इसे सही करा दिया जाएगा।