भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र किसान मोर्चा के महामंत्री सुनील पटेल ने एक निजी कंपनी की शिकायत विधान परिषद के संसदीय अध्ययन समिति के सभापति सुरेंद्र चौधरी से की है। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि एक कंपनी द्वारा कृषि भूमि को विकसित करने के नाम पर उसका अधिग्रहण किया जा रहा है। बाद में वही कंपनी उसे थोड़ा बहुत विकसित करके वहां अवैध प्लाटिंग कर उसे बेच रही है। कहा कि तमाम अनियमितताओं के बावजूद संबंधित कंपनी के खिलाफ अब तक किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की जा सकी है। उनकी शिकायत पर सभापति डॉ. सुरेंद्र चौधरी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर संबंधित कंपनी के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच करवाने का आग्रह किया है।