प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या-50 के तहत की जा रही असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के तहत उच्च शिक्षा निदेशालय ने हिंदी के चयनित अभ्यर्थियों को मंगलवार को कॉलेज आवंटित कर दिए। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र भी ऑनलाइन जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने मोबाइल से नियुक्ति पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय एक सप्ताह के भीतर अन्य 14 विषयों के चयनितों को भी कॉलेज आवंटित करने जा रहा है, जिसका कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
विज्ञापन संख्या 50 के तहत कुल 47 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2001 पदों पर भर्ती होनी है। इनमें से कई विषयों के अंतिम चयन परिणाम जारी हो चुके हैं, जबकि कुछ विषयों के इंटरव्यू चल रहे हैं। हिंदी में असिस्टेंट प्रोफेसर के 162 पदों पर चयन हुआ था। उच्च शिक्षा निदेशालय ने इनमें से 161 अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटित कर दिए हैं। एक अभ्यर्थी को तकनीकी कारणों से कॉलेज आवंटित नहीं किया जा सका है। निदेशालय ने पहली बार इतने कम समय में काउंसलिंग पूरी की है। दरअसल, इस बार ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
पूर्व में ऑनलाइन काउंसलिंग से पहले अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर लिए जाते थे। इसके बाद उन्हें मैसेज भेजकर ऑनलाइन काउंसलिंग की सूचना दी जाती थी। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों से कॉलेजों की वरीयता मांगी जाती थी। इस बार कॉलेज की वरीयता मांगे जाने की प्रक्रिया इंटरव्यू के दौरान ही पूरी कर ली गई। अंतिम चयन परिणाम जारी होते ही उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने परिणाम की सॉफ्ट और हार्डकॉपी सीधे उच्च शिक्षा निदेशालय को भेज दी और निदेशालय ने एनआईसी के माध्यम से काउंसलिंग कराके कॉलेज आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली।
उच्च शिक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक बीएल शर्मा के अनुसार चयनित अभ्यर्थी मोबाइल से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। बुधवार को निदेशालय की ओर से संबंधित कॉलेजों को चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति से संबंधित पत्र रजिस्टर्ड डाक से भेज दिए जाएंगे। निदेशालय से मिले पत्र और अभ्यर्थियों को ऑनलाइन जारी नियुक्ति पत्र का मिलान कराने के बाद संबंधित कॉलेजों में अभ्यर्थियों को ज्वाइन करा दिया जाएगा।
17 मई तक 281 चयनितों को आवंटित हो जाएंगे कॉलेज
उच्च शिक्षा निदेशालय 13 एवं 17 मई को अन्य 14 विषयों के 281 चयनित अभ्यर्थियों को भी कॉलेज आवंटित कर देगा। 13 मई को 12 विषयों के 106 और 17 मई के दो विषयों के 175 अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटन के साथ ही उनके नियुक्ति पत्र भी ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। 13 मई को कृषि प्रसार के 11, कृषि अर्थशास्त्र के सात, पादप रोग के पांच, उद्यानिकी के सात, शारीरिक शिक्षा के 23, कृषि अभियंत्रण के आठ, कृषि रसायन के 11, कृषि वनस्पति के सात, पशु पालन एवं दुग्ध विज्ञान के 10, संगीत गायन के 12, महिला अध्ययन के एक, कृषि सांख्यिकी के छह और 17 मई को वाणिज्य के 79 एवं प्राणि विज्ञान विषय के 96 चयनित अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटित कर दिए जाएंगे। उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग इन विषयों के परिणाम निदेशालय को भेज चुका है।