अवैध वेंडरों की रोकथाम के लिए उत्तर मध्य रेलवे का प्रयागराज मंडल अपनी सभी ट्रेनों में कैटरिंग सुविधा शुरू करने जा रहा है। इस दौरान किसी भी ट्रेन में पैंट्री कार नहीं लगाई जाएगी, बल्कि रेलवे प्रयागराज मंडल में चलने वाली ट्रेनों में खानपान के सामान बेचने के लिए वेंडर की व्यवस्था करेगा। इसके लिए 200 वेंडरों की व्यवस्था की जाएगी। इन्हें चिप लगा एक खास आईकार्ड दिया जाएगा, ताकि ट्रैक भी किया जा सके। साथ ही इस बात की तस्दीक हो सके कि वह रेलवे की ओर से निर्धारित ट्रेन में है या नहीं।
प्रयागराज मंडल की बात करें तो यहां से चलने 35 जोड़ी ट्रेनों का संचालन विभिन्न शहरों के लिए होता है। इन ट्रेनों में पैंट्री कार की व्यवस्था नहीं है। इस वजह से संबंधित ट्रेनों में अवैध वेंडिंग की शिकायतें अमूमन आती ही रहती हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए मंडल के वाणिज्य विभाग ने अब मंडल की ट्रेनों में कैटरिंग सुविधा शुरू करने की तैयारी की है।
प्रयागराज मंडल की संगम एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस, प्रयागराज-बीकानेर एक्सप्रेस, सूबेदारगंज-उधमपुर, सूबेदारगंज-देहरादून, प्रयागराज-डॉ.अंबेडकरनगर, प्रयागराज-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस, प्रयागराज-वीरागंना लक्ष्मीबाई झांसी एक्सप्रेस, चित्रकूट-कानपुर इंटरसिटी, बांद्रा टर्मिनल-कानपुर, कानपुर-अमृतसर, कानपुर-दुर्ग, चौरीचौरा एक्सप्रेस आदि ट्रेनों मे इसी वित्तीय वर्ष कैटरिंग की सुविधा शुरू हो जाएगी।