कटरा में राम बरात के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व लोकसेवक पर हमला समेत अन्य आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रिपोर्ट कर्नलगंज थाने के दरोगा शिवम ने लिखाई है। उन्होंने बताया कि सात अक्तूबर की रात कटरा में राम बरात में ड्यूटी पर थे। राम बरात नेतराम चौराहे के करीब पहुंची थी कि सूचना मिली कि एक व्यक्ति शराब के नशे में यात्रा में चल रहे लोगों से मारपीट व अभद्रता कर रहा है।
आरोप है कि साथी पुलिसकर्मियों संग पहुंचकर रोकने पर शेर सिंह यादव उर्फ शेरा निवासी ग्राम भिदिउरा जैबरडीह थाना थरवई उन पर ही हमलावर हो गया। गालियां दीं व घूंसों से पीटा जिससे उनकी नाक पर चोट आई। वर्दी फाड़ दी व बीचबचाव कर रहे सिपाही संजय कुमार चौहान व दरोगा अमित मौर्या से भी मारपीट की। कर्नलगंज प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।