डायोसिस ऑफ लखनऊ के तहत संचालित संस्था से जुड़े पदाधिकारियों व तलाकशुदा पति पर महिला ने सामूहिक दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने कर्नलगंज थाने में मामले की एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर के अनुसार, तलाकशुदा महिला कुछ दिनों पहले तक संस्था से जुड़ी थी। महिला ने आरोप लगाया कि डायोसिसियन एजुकेशन बोर्ड (डीईबी) के सचिव राकेश चन्नी, चेयरमैन मॉरिस एडगर दान और उसके बेटे एलन दान तकरीबन एक साल से उसे परेशान कर रहे हैं। तीनों कार्यालय में उसके साथ अभद्रता करते थे। विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देते थे। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसकी जानकारी तलाकशुदा पति को थी। आरोप है कि सात मई 2026 को माॅरिस एडगर दान ने फोन कर उसे राकेश चन्नी के घर जाने के लिए कहा। मना करने पर गालीगलौज करते हुए परिवार को जान से मारने और नौकरी से निकालने की धमकी दी। इसके बाद महिला ने खुद और अपने बच्चों की हत्या होने की आशंका जताकर सुरक्षा की मांग की। डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में चेयरमैन मॉरिस एडगर दान का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने प्रयास किया गया तो उनका फोन स्विच ऑफ था।