करछना थाना क्षेत्र अंतर्गत भीरपुर रिपोर्टिंग पुलिस चौकी क्षेत्र के देवरी कला गांव के सामने रविवार दोपहर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पत्नी की हालत गंभीर है। उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कार सवार फरार हो गए।
जानकारी मुताबिक नैनी थाना क्षेत्र के धनुहा मामा भांजा निवासी दिग्विजय गौड़ (52) रविवार की सुबह पत्नी सुशीला गौड़ के साथ बाइक से मेजा क्षेत्र के बिगहनी गांव में अपने रिश्तेदार के यहां अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। दोपहर को बाइक से लौटते समय करछना के देवरी कला गांव स्थित आर्गन हॉस्पिटल के पास मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे पर शहर की ओर से आ रही कार अनियंत्रित होकर बाइक को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपती लोहे के डिवाइडर से टकरा गए।
मौके पर ही दिग्विजय की मौत हो गई। जबकि सुशीला देवी की हालत गंभीर बनी है। सूचना पर चौकी इंचार्ज एसएन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मृतक के घरवालों को देते हुए घायल महिला को पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि कार सवार लोगों का पता लगाया जा रहा है। मृतक मूल रूप से मेजा के भिंगारी गांव के रहने वाले थे। बीते 10 वर्षों से मामा भांजा में मकान बनाकर परिवार के साथ रहने लगा था। मृतक के दो बेटे और एक बेटी है।