शादी के सात फेरों के बाद रविवार सुबह विदाई से पहले दूल्हे को गंजा देखकर दुल्हन ने उसकी पत्नी बनने से इन्कार कर दिया। ऐसे में बिना दुल्हन के ही बरातियों को लौटना पड़ा। हंडिया के वार्ड नंबर एक नटवापर निवासी अक्षय भाई चौहान की बेटी नमृता की शादी महरुपुर, जफराबाद, जौनपुर निवासी सुभाष चौहान के बेटे राजेश के साथ तय थी। शनिवार की रात द्वारचार के बाद सात फेरों सहित शादी की रस्म भी पूरी हो गई।
रविवार सुबह विदाई के समय युवती ने दूल्हे को गंजा देखकर उसकी पत्नी बनने से इन्कार करते हुए ससुराल जाने से मना कर दिया। उसके इस निर्णय से घराती व बराती पक्ष के लोग स्तब्ध रह गए। दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। यहां, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे का उपहार व नकद वापस कर दिया। कोतवाल अनूप सरोज ने बताया कि मामले की कार्रवाई के बजाय दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है।