प्रयागराज। मुट्ठीगंज के बलुआघाट में करेली निवासी शारिक ने यमुना में कूदकर जान दे दी। करेली के तुलसीपुर उर्फ रसूलपुर निवासी शारिक (22) पुत्र नन्हे उर्फ नाटे नौ भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बताया जाता है कि उसका एक युवती से मिलना जुलना था जबकि परिवारवाले इसके खिलाफ थे। इसे लेकर दोनों के घरवालों में कहासुनी भी हुई। इस बात की जानकारी पर शारिक मंगलवार को आक्रोशित हो उठा। इसके बाद बलुआ घाट बारादरी पर पहुंचकर उसने नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलवाया। जो करीब एक घंटे बाद उसे बाहर निकाल सके लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी पर पहुंचे परिवारवालों ने हंगामा भी किया। हालांकि जब इस बारे में मुटठीगंज इंस्पेक्टर से पूछा गया तो उनका कहना था कि घटना की वजह साफ नहीं है। जांच की जा रही है।