मानसून के सीजन में जम्मू संभाग में आई बाढ़ की वजह से रेलवे ट्रैक एवं कुछ पुलों को पहुंचे नुकसान की वजह से अब तक संबंधित रूट पर रेल संचालन अस्त-व्यस्त है। कई दिनों से निरस्त सूबेदारगंज-श्रीमाता वैष्णोदेवी कटड़ा एवं सूबेदारगंज-शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर) एक्सप्रेस का निरस्तीकरण 31 मार्च 2026 तक बढ़ा दिया गया है। प्रयागराज से चलने वाली इन दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों के निरस्तीकरण से मां वैष्णो देवी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को झटका लगा है। गाड़ी संख्या 14033 सूबेदारगंज-श्री माता वैष्णोदेवी कटड़ा जम्मू मेल एवं 22431 सूबेदारगंज-शहीद कैप्टन तुषार महाजन एक्सप्रेस दो माह से ज्यादा समय से निरस्त है। जम्मू मेल का संचालन सूबेदारगंज से अंबाला के बीच ही हो रहा है।